नंदलाल तुरी
नीति आयोग द्वारा आयोजित “नीति फोर स्टेट चैलेंज” में पाकुड़ जिले ने देशभर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। फाइनेंशियल इंक्लूजन कैटेगरी में पाकुड़ जिले को देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर डीसी मनीष कुमार ने कहा कि नीति आयोग की ओर से आयोजित इस चैलेंज में हमें अपने जिले में किए गए बेहतर कार्यों की प्रोजेक्ट रिपोर्ट और प्रेजेंटेशन देना था। हमने बताया कि किस तरह से हम पीवीटीजी (PVTG) महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बना रहे हैं। मुख्यमंत्री जी की परिकल्पना के अनुरूप ‘प्रोजेक्ट बदलाव’ के तहत इन महिलाओं को जोड़ा जा रहा है, उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है, साथ ही सखी मार्ट जैसी पहल से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उपायुक्त ने आगे बताया कि “हमने पूरे प्रयासों और नवाचारों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया, और इसी के परिणामस्वरूप पाकुड़ को देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। आगामी 9 अक्टूबर को मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में पाकुड़ जिले को सम्मानित किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विशेष रूप से उन सखी दिदियों को बधाई दी जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि संभव बनाई।
