नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि जिले की प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ी सृष्टि हांसदा का चयन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) द्वारा घोषित बीसीसीआई घरेलू महिला अंडर-15 वन-डे ट्रॉफी 2025–26 के लिए झारखंड महिला अंडर-15 क्रिकेट टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 2 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक विशाखापत्तनम (विजाग) में आयोजित की जाएगी। सृष्टि हांसदा का चयन उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में वे पाकुड़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी, जो जिले के लिए गौरव की बात है।
इस अवसर पर पाकुड़ के उपायुक्त एवं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने सिष्टी हांसदा को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही उनके कोच, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, सहयोग और मेहनत से ही सिष्टी को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हो सकी है। उपायुक्त ने कहा कि सिष्टी हांसदा की यह उपलब्धि पाकुड़ जिले के लिए गर्व का क्षण है और इससे जिले की अन्य बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सिष्टी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पाकुड़ जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
