logo

पाकुड़ पुलिस को मिली सफलता, मकबूल हत्याकांड की जांच में अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़

पाकुर.jpg

पाकुड़/नंदलाल तुरी

पाकुड़ के मुफ़सिल थाना क्षेत्र के लखनपुर में हुई मकबूल शेख हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
एसडीपीओ दयानंद आजाद ने प्रेस वार्ता कर कहा कि 31 अक्टूबर की रात लखनपुर गांव में 55 वर्षीय मकबूल शेख की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या कांड के दो आरोपितों — ललन शेख और दनारूल शेख को गिरफ्तार किया था।
पुलिस रिमांड पर पूछताछ के दौरान ललन शेख ने हथियार की सप्लाई चैन का खुलासा किया। उसके बयान पर छापेमारी कर पुलिस ने सदाकश शेख, रफिकुल शेख (दोनों शहबाजपुर, पाकुड़) और अमन कुमार (स्थायी पता नयाटोला, अमरपुर, बिहार) को गिरफ्तार किया। अमन कुमार महेशपुर थाना क्षेत्र के शहरग्राम में किराए पर रहता था। 
पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक 7 एमएम पिस्टल (मैगजीन सहित), एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। जांच में पता चला कि रफिकुल शेख पहले भी वर्ष 2019 में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना क्षेत्र में हथियार तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। इस संबंध में पाकुड़ (मुफस्सिल) थाना और महेशपुर थाना में अलग-अलग दो कांड दर्ज किए गए हैं। 
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news dumka news dumka khabar dumka update crime news crime update