नंदलाल तुरी
गुप्त सूचना के आधार पर पाकुड़ पुलिस ने डीजल चोरी गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार देर शाम दुर्गापुर साइडिंग में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। नगर थाना में इस संबंध में कांड संख्या 302/2025, दिनांक 29 नवंबर 2025, धारा 303(2)/317(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मकबूल शेख (पिता—ताजामूल शेख) और अब्दुल शेख (पिता—अमरूल शेख) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इसाकपुर गांव के निवासी हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई महत्वपूर्ण सुराग भी जुटाए हैं। जांच में डीजल चोरी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि रेलवे साइडिंग क्षेत्र में डीजल चोरी की गतिविधियों पर लगातार सख्त निगरानी रखी जा रही है और किसी भी स्थिति में ऐसे गिरोहों को पनपने नहीं दिया जाएगा।
