logo

Palamu : मनरेगा योजनाओं में घोटाला करने वालों पर पलामू डीसी ने की बड़ी कार्रवाई, मुखिया पर FIR दर्ज

PALAMU_DC.jpg

पलामूः
पलामू डीसी आंजनेयुलू दोड्डे ने मनरेगा कार्य में घोटाला करने वालों पर कार्रवाई की है। पाटन प्रखंड की हिसरा बरवाडीह पंचायत में संचालित मनरेगा कार्य में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ग्राम रोजगार सेवक सत्येंद्र कुमार, जूनियर इंजीनियर गंगा पासवान, असिस्टेंट इंजीनियर अमरेंद्र कुमार एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रणधीर कुमार जायसवाल का कॉन्ट्रैक्ट समाप्त कर दिया गया। साथ ही पंचायत सचिव अभिषेक कुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी को दिया है, अभिषेक कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। 


क्या है मामला
मनरेगा आयुक्त के निर्देश के हिसाब से हर पंचायत मे पांच पशु शेड की योजनाओं का लाभ देना था। लेकिन हिसरा बरवाडीह पंचायत में बीपीओ ने 401 पशु शेड की योजना का लाभ लोगों को दिया है। इसकी शिकायत डीसी को मिली थी। डीसी ट्रेनी आईएएस अधिकारी से पूरे मामले की जांच करायी गई तो आरोप सही निकला। इसके बाद डीसी ने प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रणधीर कुमार जायसवाल का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया। यह भी पता चला कि हिसरा बरवाडीह पंचायत में योजनाओं का कार्यान्वयन ग्राम पंचायत से किया जा रहा है। योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति मुखिया दे रहे थे। मुखिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। 


पैसे वसूलने की तैयारी 
डीसी ने पाटन बीडीओ मनोज तिवारी को हिसरा बरवाडीह पंचायत अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में स्वीकृत/कार्यान्वित कुल 401 पशु शेड की सभी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है ताकि अयोग्य पाये गये लाभुकों के पशु शेड की योजना को रद्द किया जाए। साथ ही अयोग्य लाभुकों से राशि की वसूली भी की जाए।