द फॉलोअप डेस्क
पलामू पुलिस को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस ख़ान के गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े दो सक्रिय अपराधियों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। बता दें 21 दिसंबर 2025 को शहर थाना क्षेत्र के रेडमा चौक के पास स्थित गोल्ड हाउस ज्वेलरी दुकान के मालिक रंजीत कुमार सोनी से गैंगस्टर प्रिंस ख़ान द्वारा व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस मैसेज के माध्यम से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। पलामू पुलिस को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस ख़ान के गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी जिले में रंगदारी, धमकी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार हुए अभयुक्तों का नाम मो. नाजिम और मुर्तजा अंसारी है।
पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने 25 दिसंबर 2025 को नगर निगम के निर्माणाधीन भवन के पास छापेमारी कर दो अपराधियों को हथियार और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। हाल ही में जिले के एक ज्वेलरी कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में भी इनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया और वॉइस मैसेज के जरिए धमकी देने के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में यह गिरफ्तारी अहम मानी जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इनके तार जिले से बाहर किन-किन अपराधियों से जुड़े हुए हैं। पलामू पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और गैंगस्टर प्रिंस ख़ान के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
