द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय शर्मा (36 वर्ष), ग्राम फरीदपुर, थाना फरीदपुर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) और निजामुद्दीन राइन (44 वर्ष), ग्राम कांडी, जिला गढ़वा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 216 किलोग्राम डोडा, एक महिंद्रा XUV-500 (UP32 JV 7373) वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा XUV-500 वाहन से डोडा की तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मनातू थाना क्षेत्र में मुख्य सड़क पर रात करीब 12:30 बजे वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक ग्रे रंग की महिंद्रा XUV-500 को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में डोडा बरामद किया गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे छत्तीसगढ़ और ओडिशा से डोडा लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करते थे। दोनों के पास से एक-एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिनकी जांच की जा रही है। इस मामले में मनातू थाना कांड संख्या 15/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 15(c) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ राजीव रंजन के नेतृत्व में मनातू थाना की टीम और रिजर्व गार्ड शामिल रहे। पुलिस ने इसे मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है और कहा है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
