रांची
होली के रंगों से सराबोर बाजारों में इस वर्ष भी झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अंतर्गत सखी मंडल की महिलाओं द्वारा तैयार पलाश हर्बल गुलाल उपलब्ध है। पर्यावरण के अनुकूल इस हर्बल गुलाल के विपणन को बढ़ावा देने और आमजन में इको-फ्रेंडली होली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए राज्य स्तरीय पलाश हर्बल गुलाल प्रदर्शनी सह बिक्री अभियान की शुरुआत की गई है। राज्य की ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन की ओर बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए पलाश ब्रांड के अंतर्गत विभिन्न जिलों की हजारों महिला उद्यमियों द्वारा इस हर्बल गुलाल का उत्पादन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत आज रांची, हजारीबाग, पलामू, चतरा, रामगढ़, खूंटी और लोहरदगा में पलाश हर्बल गुलाल बिक्री स्टॉल का शुभारंभ किया गया।
प्राकृतिक और सुरक्षित हर्बल गुलाल
JSLPS की मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कंचन सिंह के निर्देशानुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 9 से 13 मार्च 2025 तक 100 से अधिक स्टॉल संचालित किए जाएंगे। सखी मंडल की महिलाएं इस हर्बल गुलाल को पूरी तरह प्राकृतिक सामग्री से तैयार कर रही हैं, जो त्वचा के लिए सुरक्षित है। इस गुलाल में कोई रसायन या आर्टिफिशियल सामग्री नहीं मिलाई गई है।
हर्बल गुलाल के निर्माण में—
• हरे रंग के लिए: पालक,
• गुलाबी के लिए: चुकंदर,
• पीले और नारंगी के लिए: पलाश व हल्दी,
• नीले रंग के लिए: सिंदूर समेत अन्य प्राकृतिक फूलों और पत्तियों का उपयोग किया जा रहा है।
साथ ही, इसे सुगंधित बनाने के लिए प्राकृतिक एसेंस मिलाए गए हैं।
पलाश ब्रांड से ग्रामीण महिलाओं को संबल
JSLPS के माध्यम से पलाश ब्रांड ग्रामीण महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। पलाश हर्बल गुलाल न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि इससे हजारों ग्रामीण महिलाओं को रोजगार भी मिल रहा है। इससे उनकी आमदनी बढ़ रही है और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा मिल रहा है। इस वर्ष 9 से 13 मार्च 2025 तक सभी जिलों के प्रमुख केंद्रों पर स्टॉल लगाए गए हैं, जहां पलाश हर्बल गुलाल के साथ-साथ रागी लड्डू, हैंडमेड चॉकलेट, कुकीज़ और अन्य उत्पादों की बिक्री की जा रही है।
रांची में विशेष स्टॉल
रांची शहर में 9 से 13 मार्च 2025 तक विभिन्न प्रमुख स्थलों पर पलाश होली स्पेशल डिस्प्ले स्टॉल लगाए गए हैं, जहां हर्बल गुलाल और खाद्य उत्पादों की बिक्री होगी।
स्टॉल निम्नलिखित स्थानों पर उपलब्ध रहेंगे:
• राज्य सरकार के प्रमुख कार्यालयों में:
o एफएफपी भवन
o सचिवालय (धुर्वा)
o झारखंड उच्च न्यायालय परिसर
• प्रमुख व्यावसायिक स्थलों पर:
o रांची मॉल, न्यूक्लियस मॉल, स्प्रिंग सिटी मॉल (हिनू)
o डोरंडा बाजार, अटल वेंडर मार्केट
o पैंटालूंस (लालपुर), रिलायंस मॉल (कांके रोड)
o मोराबादी मैदान, एजी मोड़
इन स्टॉलों पर हर्बल गुलाल के साथ ही हैंडमेड चॉकलेट, रागी लड्डू, नमकीन जैसे शुद्ध उत्पाद भी उपलब्ध रहेंगे।