रांची
दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल के कीता और सिल्ली स्टेशनों के बीच 11 जुलाई को पावर-कम-ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस जरूरी बुनियादी ढांचा कार्य के कारण इस रूट पर चलने वाली कई महत्वपूर्ण लोकल और एक्सप्रेस रेल सेवाओं के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, प्रभावित होने वाली प्रमुख ट्रेनों में बर्द्धमान–हटिया मेमू एक्सप्रेस (13503): इस ट्रेन का आंशिक समापन गोमो स्टेशन पर ही कर दिया जाएगा। हटिया–बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस (13504): यह ट्रेन हटिया के बजाय आंशिक रूप से गोमो स्टेशन से प्रारंभ होकर चलेगी।

अस्थायी बदलावों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाएं
परिणामस्वरूप, ट्रेन संख्या 13503/13504 गोमो और हटिया के बीच पूरी तरह रद्द रहेगी। आसनसोल–रांची मेमू पैसेंजर (63598): इस सेवा का आंशिक समापन मुरी स्टेशन पर होगा। रांची–आसनसोल मेमू पैसेंजर (63597): यह ट्रेन रांची के स्थान पर आंशिक रूप से मुरी स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इसके कारण 63598/63597 मुरी और रांची के बीच रद्द रहेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस ब्लॉक और रूट में हुए अस्थायी बदलावों को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली इस असुविधा के लिए खेद प्रकट किया है।
