logo

धनबाद में 2200 मृत लोगों के खाते में भेज दी पेंशन राशि, रिकवरी के लिए अब चला अभियान

PANSION.jpg

धनबाद 

धनबाद में प्रशासन ने 2200 मृत लोगों के बैंक अकाउंट में पेंशन की राशि भेज दी है। इनमें से 300 खातों की पहचान कर ली गयी है। अब इसके लिए वसूली अभियान चलाया जा रहा है। यही नहीं, वसूली टीम ने इस मद में 34 लाख रुपये की रिकवरी भी की है। इसकी जानकारी निदेशक, सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद ने उपायुक्त को दी है। बता दें कि आज धनबाद उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा को लेकर अधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई थी। इस दौरान निदेशक निजाय अहमद ने कहा कि गलत पेंशन का भुगतान जिन बैंक खातों में किया गया है, उसकी पड़ताल की जा रही है। इस दौरान विभाग को पता चला था कि 2200 लोग मृत हो चुके हैं, लेकिन उनके खातों में पेंशन की राशि भेजी जाती रही है। ऐसे खातों की पहचान कर उनसे 34 लाख की रिकवरी की गयी है। 

अब तक 34 लाख की रिकवरी 

विभाग की ओर से जानकारी में कहा गया है कि कुल 2200 मृत लोगों के खाते में पेंशन की राशि भेजी गयी है। इनमें से 300 बैंक खातों की पहचान विभाग अब तक कर सका है। इन खातों से पेंशन की 34 लाख रुपये की राशि रिकवर कर ली गयी है। शेष राशि की रिकवरी की कोशिश की जा रही है। इसके लिए जिला स्तर पर बकायदा अभियान चलाया जा रहा है। अगले महीने के अंत तक शत प्रतिशत रिकवरी का लक्ष्य विभाग की ओऱ से रखा गया है। निदेशक ने बताया कि 34 लाख की राशि की रिकवरी झारखंड़ में पहली बार की गयी है। 

कम राशन का भी उठा मामला 
उपायुक्त की समीक्षा बैठक में जिले में कम राशन आपूर्ति का मामला भी उठाया गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला ने जानकारी दी कि चिरकुंडा नगर परिषद में ऐसे 50 हजार कार्डधारी हैं, जो किन्हीं कारणों से राशन का उठाव नहीं कर रहे हैं। कई कार्डधारक धोती, साड़ी और लुंगी लेने के उत्सुक नहीं दिख रहे हैं। कहा कि लगभग इसी तरह की स्थिति धनबाद नगर निगम के राशन कार्डधारियों की है।