logo

झारखंड में इंडिया गठबंधन का वजूद खतरे में, डूबती नाव से भाग रहे लोग : बाबूलाल मरांडी

ranchi221.jpg

रांची
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झारखंड में इंडी गठबंधन का वजूद खतरे में है। डूबती नाव से लोग भाग रहे हैं। मरांडी गुरूवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे। मरांडी ने कहा कि बीजेपी अभी प्रदेश में संघर्ष कर रही है और सत्तारूढ़ दल को छोड़कर बीजेपी में शामिल होकर इस संघर्ष का साथी बनना बड़ी बात है। आप लोगों के योगदान से केवल सरायकेला और जमशेदपुर ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड में पार्टी को ताकत और बल मिलेगा। इससे राज्य में एक अच्छा मैसेज भी जायेगा। आप सभी का यह कदम स्वागत योग्य है। संघर्ष के साथियों का बीजेपी में स्वागत है। 


प्रदेश की हालत किसी से नहीं छुपी
उन्होंने कहा कि आज झारखंड की जो हालत है, वह किसी से छुपा नहीं है। झारखंड सरकार हर मोर्चे पर विफल है। राज्य सरकार ने राज्य के युवा, किसान, महिला, आदिवासी, दलित, पिछड़ा यानि सभी वर्गों को ठगा है। झारखंड सरकार के पाप का घड़ा पूरी तरह भर चुका है, यह सरकार बस अब कुछ दिनों की मेहमान है। विधानसभा चुनाव नजदीक है। हम सबों को मिलकर इस वर्तमान भ्रष्ट और निक्कमी सरकार को यहां से हटाना है। 

बाबूलाल ने कहा कि आज प्रदेश की कानून-व्यवस्था की क्या हालत है, यह बताने की जरूरत नहीं है। चोरी, डकैती, हत्या और अपहरण चरम पर है। बहू-बेटियों की इज्जत भी सुरक्षित नहीं है। जब तक किसी भी प्रदेश की कानून व्यवस्था ठीक नहीं होगी, भय का वातावरण जब तक समाप्त नहीं होगा, तब तक कोई भी प्रदेश प्रगति नहीं कर सकता है। आज झारखंड की यही स्थिति है। इस स्थिति में बाहर के निवेशकों की तो छोड़िए जो घर के संपन्न लोग होंगे वह भी जंगलराज से तंग होकर राज्य छोड़ने को मजबूर होंगे। इसलिए राज्य हित में इस सरकार का जाना ही एकमात्र समाधान है। 


अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया
 मरांडी ने 23 अगस्त को राज्यव्यापी युवा आक्रोश रैली में मिलन समारोह में पार्टी का दामन थामने वालों सहित राज्य के युवाओं तथा अन्य लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से 2024 के विधानसभा चुनाव में इस सरकार को उखाड़ फेंकना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय ने कहा कि राज्य सरकार से जनता हर हाल में मुक्ति पाना चाहती है। वह घड़ी नजदीक आ चुकी है। इस दौरान पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह, गणेश महली भी उपस्थित थे। जबकि, कार्यक्रम का मंच संचालन झारखंड प्रदेश के मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

इन्होंने ली बीजेपी की सदस्यता

मिलन समारोह में कांग्रेस नेता सह इंटक के प्रदेश सह सचिव चंदन कुमार सिंह, आम आदमी पार्टी के प्रदेश उप संयोजक प्रेम कुमार, सरायकेला-खरसावां कांग्रेस के जिला महामंत्री विनोद कुमार सिंह, सरायकेला खरसावां कांग्रेस के जिला सचिव राम विचार राय, कांग्रेस नेता नीरज कुमार सिंह, शैलेश गुप्ता, पंकज कुमार सिंह राघवेंद्र सिंह, संजय कुमार सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।


 

Tags - Babulal marandiBJPJharkhand News