द फॉलोअप डेस्क
गुमला शहर के सिसई रोड स्थित बाजार टांड में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। चारों ओर फैली गंदगी और उससे उठती बदबू से लोगों का जीना बेहाल हो गया है। सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शनिवार को यहां साप्ताहिक बाजार लगता है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी आते हैं। लेकिन बाजार समाप्त होने के बाद नगर परिषद की ओर से सफाई को लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जाती। सफाई की अनदेखी के कारण बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था और गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। हल्की बारिश के दौरान पूरा बाजार कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों को चलने में काफी परेशानी होती है। सिसई रोड से इस्लामपुर की ओर जाने वाली सड़क जो बाजार के बीचों-बीच स्थित है, उसकी हालत भी बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन और भी मुश्किल हो गया है।
सबसे गंभीर समस्या मीट, मछली और मुर्गा की दुकानों से निकलने वाले अवशेषों की सफाई को लेकर है। समय पर सफाई नहीं होने से यहां तेज दुर्गंध फैली रहती है, जिससे आसपास के स्थानीय लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों ने रविवार को अपराह्न 3 बजे जानकारी दी कि नगर परिषद बाजार टांड में स्थित दुकानों से मासिक किराया वसूलता है, साथ ही बाजार लगाने वाले व्यापारियों से टैक्स भी लिया जाता है। इसके बावजूद बाजार में कभी सफाई नहीं की जाती। लोगों का कहना है कि नगर परिषद को बाजार से लाखों रुपये की वसूली होती है, फिर भी सफाई व्यवस्था पूरी तरह लचर है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर आगामी साप्ताहिक बाजार से पहले बाजार टांड की सफाई नहीं की गई, तो वे नगर परिषद कार्यालय का घेराव करेंगे।
.jpeg)