द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। शहर के कई इलाकों में कमर तक और कुछ जगहों पर गर्दन तक पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। कार और बाइक सड़कों पर पानी में तैरती नजर आ रही हैं। इसी समस्या को लेकर उत्तम यादव के नेतृत्व में परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हाथों में कटआउट लिए लोग रांची के अलग-अलग इलाकों में हो रही जलजमाव की हालत को दिखा रहे थे।
प्रदर्शन में उत्तम यादव ने कहा कि नगर विकास मंत्री, रांची के जनप्रतिनिधि और नगर निगम इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह से लापरवाह हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट सत्र के दौरान किसी भी जनप्रतिनिधि ने रांची की समस्याओं पर चर्चा नहीं की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही नालियों की सफाई और जलजमाव की समस्या का हल नहीं निकाला गया तो लोग जलजमाव वाले स्थानों पर जाकर धान रोपनी कर विरोध दर्ज कराएंगे।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रांची में जलजमाव की समस्या को तत्काल हल किया जाए और नालियों की समय पर सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित हो। इस कार्यक्रम में सावन लिंडा, शैलेश नंद तिवारी, उमेश साहू, सोनू गुप्ता, रोशन राम वर्मा, आशीष विभूति, प्रीति सिन्हा जायसवाल, नीरज सिंह समेत कई लोग शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर नगर निगम और सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।