द फॉलोअप डेस्क
झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के चुनाव को चुनौती देनेवाली याचिका आज झारखंड हाईकोर्ट में सूचीबद्ध हो गया। जेएससीए चुनाव में उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे नंदू पटेल द्वारा दायर याचिका का फाइलिंग नंबर-6651 2025 तथा फाइलिंग तिथि 24 जून 2025 है। रिट याचिका के माध्यम से पटेल ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़ा किया है और हाईकोर्ट से न्याय की मांग की है। मालूम हो कि 18 मई को संपन्न चुनाव में एसके बेहरा गुट को भारी पराजय का सामना करना पड़ा था।

उन्होने याचिका में कहा है कि 18 मई को जेएससीए का चुनाव संपन्न हुआ। इस चुनाव में 107 सदस्यों ने जेएससीए के बायलॉज के अनुरूप नहीं थे। इसके अलावा वार्षिक आमसभाओं में लगातार पांच बार अनुपस्थित रहनेवाले सदस्यों ने भी मत डाले। इसके अलावा झारखंड के बाहर रहनेवाले सदस्यों ने भी मत का प्रयोग किया। इतना ही नहीं उन्होंने याचिका में कई सदस्यों द्वारा एक से अधिक मतों का प्रयोग करने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि जेएससीए के बायलॉज का खुला उल्लंघन कर चुनाव कराया गया है। इसलिए चुनाव को रद्द करने का उन्होंने आग्रह किया है। यहां मालूम हो कि पिछले दिनों संपन्न जेएससीए चुनाव में अजय नाथ शाहदेव अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए थे। साथ ही उनके ही गुट के अन्य पदाधिकारियों ने भारी संख्या में बाजी मारी थी।
