logo

महागामा में महिला पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

jk_bhgihnd.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरगामा गांव में महिला पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड के मुख्य आरोपी अनोज ब्रह्म को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
बताया गया कि बीते 26 दिसंबर 2025 की शाम कमरगामा गांव में शिव कुमारी देवी (पति स्व. लक्ष्मण प्रसाद ब्रह्म) पर पीछे से गोली चलाई गई थी। गनीमत रही कि गोली उनकी पीठ को छूते हुए निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई। इस घटना के पीछे जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद कारण बताया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गोड्डा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) महागामा चन्द्र शेखर आजाद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी अनोज ब्रह्म (उम्र 39 वर्ष) को उसके मामा के घर ग्राम अंबा, थाना ललमटिया से गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली, एक खोखा और गोली का अग्रभाग (पैलेट) बरामद किया है। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर महागामा थाना में कांड संख्या 246/2025 दर्ज किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109, 351, 352, 61, 3(5) तथा 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में अन्य नामजद अभियुक्तों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates latest Godda News Godda News Updates Jharkhand News in hindi latest Jharkhand News latest jharkhand news jharkhand News in hindi latest Godda news