नंदलाल तुरी
पाकुड़ के मालगोदाम रोड स्थित जर्जर बीड़ी श्रमिक अस्पताल परिसर में शनिवार को पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन करीब 2.28 ग्राम था, और एक अपाची मोटरसाइकिल (JH16D-7014) बरामद की गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थल पर ब्राउन शुगर का कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के आदेश पर प्रभारी अंचल निरीक्षक शंभु शरण दत्त (दण्डाधिकारी) के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। छापेमारी के दौरान जब युवक ने पुलिस को देखा, तो वह भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिन्टु शेख, पाकुड़ निवासी, के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों की संलिप्तता भी कबूल की है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
कुछ दिन पहले नगर थाना क्षेत्र से भी आलम शेख नामक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया था और वह अब जेल में है। उस मामले में भी मिन्टु शेख की संलिप्तता सामने आई थी। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नगर थाना में 12 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, प्रभारी अंचल निरीक्षक शंभु शरण दत्त (दण्डाधिकारी), पु.अ.नि. दिलीप बास्की, पु.अ.नि. अभिषेक कुमार, आरक्षी कुन्दन कुमार, अंकित कुमार, गंगा सागर और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे।
