पाकुड़/ नंदलाल तुरी
नाबालिग लड़की से हथियार के बल पर दुष्कर्म करने के आरोप में पाकुड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इस बात की जानकरी पाकुड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दयानंद आजाद ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है।.jpeg)
एसडीपीओ ने बताया कि यह घटना जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड के शिमलांग ओपी थाना क्षेत्र की है। शिमलांग ओपी थाना में पीड़िता के परिजनों से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ डी. एन. आजाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।.jpg)
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी का लोकेशन साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र में दिखा रहा था। जिसके बाद इस विशेष टीम ने, जिसका नेतृत्व थाना प्रभारी अरविंद कुमार राय कर रहे थे, रांगा थाना क्षेत्र में लगातार कैंप किया और आखिरकार अभियुक्त को पकड़ लिया।
मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की जब कहीं जा रही थी, उसी दौरान अभियुक्त ने उसे हथियार का भय दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जिसके बाद शिमलांग (ओपी) थाना में अभियुक्त के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।