नंदलाल तुरी
पाकुड़ नगर थाना पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर बताया कि ईशाकपुर गांव में चल रहे ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने छापेमारी कर 36 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की और एक तस्कर को गिरफ्तार किया। डीएसपी आजाद ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लाकर ईशाकपुर में उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए छापेमारी दल का गठन किया गया और दंडाधिकारी की मौजूदगी में अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान मो. सफीकुल, ईशाकपुर निवासी, को रंगेहाथ दबोच लिया गया। उसके पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर के अलावा एक बिना नंबर की अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने स्पष्ट रूप से कहा कि नशे के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और समाज को इस जहर से बचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
.jpeg)