नंदलाल तुरी
पाकुड़ बस स्टैंड के पास स्थित खालिद अंसारी की चाउमिन दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में विक्की मंडल, पश्चिम बंगाल निवासी, सहनवाज अंसारी उर्फ मामा पाकुड़ निवासी, और मुख्तार शेख, पाकुड़ निवासी शामिल है। पुलिस के अनुसार इन तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को रोकने और मामले का त्वरित खुलासा करने के लिए यह विशेष छापेमारी दल गठित किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद चोरी गए सामान की बरामदगी भी हुई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक गैस सिलेंडर और एक चूल्हा बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, 02 दिसंबर की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला काटकर गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य सामान की चोरी की थी। इसके अलावा, आसपास की अन्य दुकानों के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया गया था। शिकायत के आधार पर पाकुड़ नगर थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई है।
