द फॉलोअप डेस्क
चांडिल थाना क्षेत्र के हारूडीह गांव में हुए गोली कांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में शाहिद खान उर्फ शहजादा (27 वर्ष), ताजनगर, कपाली; विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की (24 वर्ष), मानगो; राहुल राव (26 वर्ष), मानगो; और पहले से गिरफ्तार मनीष कुमार ठाकुर (21 वर्ष), तामोलिया, चांडिल शामिल हैं। इस कार्रवाई से पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को विजय तिर्की को हारूडीह गांव में आयोजित मुर्गा पाड़ा से लौटते समय अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मृतक की पत्नी ने चांडिल थाना में लिखित आवेदन दिया, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। चांडिल थाना प्रभारी दिलसन कुमार बीरुआ ने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
वहीं, इस कांड में शामिल बंटी सरदार पहले से एक अन्य मामले में न्यायिक अभिरक्षा में है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। छापेमारी दल में चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुवा के नेतृत्व में चौका और नीमडीह के थाना प्रभारी, कपाली ओपी प्रभारी, अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस द्वारा कम समय में आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे भेजने से पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है। आगे मामले की जांच विभिन्न पहलुओं पर जारी रहेगी।
.jpeg)