द फॉलोअप डेस्क
पलामू के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सतगांवा गांव में हुए जसमुद्दीन अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। यह हत्या जमीनी विवाद के कारण की गई थी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अब्दुल रमजान को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को सतगांवा गांव निवासी जसमुद्दीन अंसारी उर्फ नावाब, उम्र लगभग 45 वर्ष, पिता स्वर्गीय अब्दुल बहाव की तेज धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक का शव ग्रामीण इलाके से बरामद हुआ था जिसके बाद अज्ञात अपराधकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।.jpg)
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में निरंतर छापामारी अभियान चलाया। गहन तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 02 नवम्बर 2025 को हरिहरगंज बाजार से आरोपी अब्दुल रमजान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कटार, मृतक के कपड़े का टुकड़ा और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह गिरफ्तारी एसपी रिष्मा रमेशन के निर्देश पर की गई, जिसके बाद हरिहरगंज थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
एसपी रिष्मा रमेशन ने इस पूरे मामले की जानकारी प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद में यह हत्या की गई थी। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि यदि कोई और व्यक्ति इस हत्या में शामिल हो, तो उसे भी कानून के दायरे में लाया जा सके।.jpeg)
एसपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।