द फॉलोअप डेस्क
नामकुम थाना क्षेत्र के राजाउलातू स्थित वाईबीएन यूनिवर्सिटी में इन दिनों डिप्लोमा इन फार्मेसी की परीक्षा आयोजित की जा रही है। 9 जून तक परीक्षा का आयोजन किया जाना है। यहां बुधवार को परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया था। तोड़फोड़ भी की थी। इस आरोप में 13 छात्रों को गुरुवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार परीक्षार्थियों ने रिसेप्शन में रखे टेबल, कुर्सी, क्लास की खिड़की के शीशे, परिसर में खड़ी कार व बस के शीशे तोड़ दिए थे। उन्होंने पत्थरबाजी भी की थी। जिसके कारण पुलिस के जवान भी चोटिल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने हंगामा करने वाले परीक्षार्थियों पर लाठीचार्ज किया। तब वे भागे। इसी दौरान 13 लोगों परीक्षार्थियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था।

परीक्षा देकर बाहर निकलते ही करने लगे तोड़फोड़
डिप्लोमा इन फार्मेसी की परीक्षा के लिए वाईबीएन यूनिवर्सिटी में 29 मई से 9 जून तक सेंटर बनाया गया है। इस परीक्षा में करीब 8050 छात्र शामिल हो रहे हैं। बुधवार को पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चल रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों शिफ्ट में 6000 छात्र परीक्षा दे रहे थे। इस बीच जैसे ही दूसरी शिफ्ट की परीक्षा देकर वे बाहर निकले तोड़फोड़ करने लगे।

प्रशासन ने पहले ही लागू कर रखी है धारा-144
डिप्लोमा-इन-फार्मेसी परीक्षा समिति, झारखंड के द्वारा राज्य में डिप्लोमा-इन-फार्मेसी परीक्षा का आयोजन रांची के वाईबीएन यूनिवर्सिटी राजाउलातू, नामकुम में हो रहा है। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से धारा-144 लागू की गई थी। इसको लेकर एसडीओ ने आदेश जारी कहा था कि कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा का आयोजन हो इसके लिए परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी की गई है। यह निषेधाज्ञा 30.05.2023 से 09.06.2023 (04.06.2023 को छोड़कर) तक प्रत्येक दिन प्रातः 06:00 बजे से अपराह्न 08:00 बजे तक प्रभावी रहेगा।
