द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के सिसई रोड में व्यापारी विनोद जाजोदिया की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस संबंध में गुमला एसपी हरीश बिन जमा ने जानकारी देते हुए बताया कि विनोद अग्रवाल की निर्मम हत्या के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। कार्रवाई के क्रम में तीन आरोपियों , आंचल व्योम तिर्की, जूलियन मींज उर्फ जूली और समीर टोप्पो को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपियों का विनोद अग्रवाल से पूर्व से विवाद चल रहा था। उन्होंने रेकी कर सुनियोजित ढंग से हत्या की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना लोहे का रड भी बरामद कर लिया है।
गौरतलब है कि रविवार की शाम रांची-गुमला मार्ग पर सदर थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने व्यवसायी विनोद जाजोदिया पर तेज धारदार हथियार से हमला कर दिया था। सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए रिम्स रेफर किया गया। लेकिन रिम्स ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी।
