द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल सात अपराधियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके पास से तीन देसी पिस्टल, 23 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन, एक सेंट्रो कार और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में रामू साव, विजय साव, संजय कुमार उर्फ संजय मंडल, पंकज कुमार यादव उर्फ कारू यादव, अमित कुमार उर्फ अमित वर्मा, नारायण मंडल और राज कुमार मंडल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, भूपतडीह निवासी संतोष कुमार विश्वकर्मा ने सूचना दी थी कि 5–6 की संख्या में आए अपराधियों ने उन पर फायरिंग और मारपीट की थी। घटना के दौरान रामू साव खुद गोली लगने से घायल हो गया था, जब उसकी कमर में रखा पिस्टल गलती से चल गया। उसे इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा गया। इस संबंध में जमुआ थाना कांड संख्या 03/2026 दर्ज की गई है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 118(1), 126(2), 109, 111(3), 351(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। त्वरित अनुसंधान के लिए एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की रात जरूवाडीह जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने सेंट्रो कार में सवार पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से लोडेड पिस्टल, जिंदा कारतूस और खाली मैगजीन बरामद की गई। इसके बाद राज कुमार मंडल को भी गिरफ्तार किया गया, जो आरोपियों को हथियार उपलब्ध कराता था। विजय साव की निशानदेही पर कार से एक और देसी पिस्टल बरामद की गई। छापेमारी दल में जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार दास, जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार, नवडीहा ओपी प्रभारी दीपक कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
