logo

पलामू : डबरा जंगल हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, अंधविश्वास बना हत्या की वजह, 4 गिरफ्तार

jkmrutimk.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डबरा जंगल में हुई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अंधविश्वास और झाड़-फूंक के शक में एक व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसमें धनंजय रविदास (लेस्लीगंज) निवासी, बब्लू मोची (लेस्लीगंज) निवासी, सतेन्द्र कुमार (पलामू) निवासी और मुनेश्वर कुमार रवि (लातेहार) निवासी शामिल है। पुलिस के अनुसार अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम नावाडीह तेनार निवासी पच्चु मोची का शव डबरा जंगल में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मृतक का गला कटा हुआ शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, डालटनगंज भेजा। परिजनों द्वारा आवेदन देने में आनाकानी किए जाने के कारण, चौकीदार रविन्द्र पासवान के लिखित आवेदन पर लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 181/2025 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि करीब तीन माह पूर्व मृतक के 4,500 रुपये गुम हो गए थे। इसके बाद मृतक द्वारा घर का देवत्ता कबाड़ में फेंक दिया गया था। इसी दौरान उसके गोतिया धनंजय रविदास के घर में मां और भाई की मृत्यु हो गई, जबकि मृतक के बेटों के बच्चे भी अक्सर बीमार रहते थे। इन घटनाओं के लिए अभियुक्तों ने मृतक को ओझा-गुणी मानते हुए दोषी ठहराया और इसी अंधविश्वास के चलते उसकी हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या से पहले अभियुक्तों के बीच पैसों का लेन-देन हुआ था। 20 दिसंबर 2025 को बब्लू मोची द्वारा फोन-पे से धनंजय रविदास को 7,000 रुपये भेजे गए। 21 दिसंबर को धनंजय रविदास ने सतेन्द्र मोची के बताने पर प्रज्ञा केंद्र से 10,000 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद सतेन्द्र मोची ने मुनेश्वर कुमार रवि के निर्देश पर अनिल मोची के खाते में 9,000 रुपये भेजे। इसके बाद मुनेश्वर कुमार रवि, अनिल मोची और एक अन्य सहयोगी लातेहार जिले के हेरहंज से मोटरसाइकिल पर धनंजय रविदास के घर पहुंचे और रात में वहीं रुके।
22 दिसंबर 2025 को धनंजय रविदास के इशारे पर अभियुक्तों ने चाकू से पच्चु मोची की हत्या कर दी और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। हत्या की सूचना बाद में धनंजय रविदास और सतेन्द्र मोची को दी गई। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान अभियुक्त मुनेश्वर कुमार रवि के पास से घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू बरामद किया है। पलामू पुलिस ने आम लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News jharkhand News Updates latest updates latest Updates Jharkhand Palamu News updates Palamu news in hindi Palamu News Updates Palamu news in Hindi latest Palamu News Jharkhand News in hindi Palamu news Updates