द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर समाहरणालय परिसर में आज नीति सूचकांकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) दिलेश्वर महत्तो ने की। बैठक में सभी विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न नीति सूचकों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। जिन सूचकों की प्रगति धीमी रही, उनके सुधार हेतु विभागों को समन्वय मजबूत कर प्राथमिकता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि 9 सितंबर को नीति आयोग के एडिशनल सेक्रेटरी द्वारा जिले की समीक्षा के दौरान आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) से जुड़े चार सूचकों- स्वास्थ्य विभाग के दो एवं कौशल विकास विभाग के दो- में सुधार की आवश्यकता बताई गई थी। साथ ही ABP सूचकांक के आठ सूचकों की प्रगति धीमी रहने की भी बात सामने आई थी। आज की बैठक में इन सभी सूचकों पर गहन विमर्श हुआ तथा शीघ्र सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर बल दिया गया। इस अवसर पर डीडीसी दिलेश्वर महत्तो ने कहा, “जिले के विकास से जुड़े प्रत्येक सूचकांक पर बेहतर परिणाम लाना हमारी प्राथमिकता है। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा में ठोस सुधार सुनिश्चित करें।
