मेदिनीनगर:
Jharkhand News: धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो (Dhanbad MP Dhullu Mahto) द्वारा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पलामू में सियासत गरमा गई है। गुरुवार को JLKM कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मेदिनीनगर के छह मुहान पर सांसद ढुल्लू महतो का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने जेलहाता स्थित पार्टी के जिला कार्यालय से विरोध मार्च निकाला। हाथों में झंडे और नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए छह मुहान पहुंचे, जहां सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और पुतला दहन किया गया।

संगठन के सम्मान-स्वाभिमान से समझौता नहीं
पार्टी के जिलाध्यक्ष दिलीप मेहता ने कहा कि सांसद ने संगठन के कार्यकर्ताओं को लेकर जिस तरह की टिप्पणी की है, वह निंदनीय है। संगठन के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे JLKM के पलामू प्रमंडलीय महासचिव नितेश तिवारी ने सांसद के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संगठन के सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं होगा। किसी भी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं का अपमान करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

भाषा और मर्यादा का ध्यान रखें जनप्रतिनिधि
नितेश तिवारी ने आरोप लगाया कि JLKM प्रमुख जयराम महतो की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर सांसद इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सांसद पर कोयला कारोबार से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सांसद से उनके बयान पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की टिप्पणी दोहराई गई तो JLKM कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।

दूसरों पर टिप्पणी से पहले अपना गिरेबां झांके सांसद!
प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष तिवारी ने भी सांसद के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने सांसद पर कोयला माफिया और भू-माफिया समेत अन्य लोगों से कथित साठगांठ के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले सांसद को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन के सम्मान और स्वाभिमान के मुद्दे पर उनका विरोध जारी रहेगा।