logo

महिला को निर्वस्त्र घुमाने के मामले को लेकर झारखंड में राजनीति शुरू, बाबूलाल ने पूछा- इस बार राष्ट्रपति को पत्र लिखेंगे या नहीं हेमंत सोरेन जी

ूााल.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर झारखंड में राजनीति शुरू हो गई है। झारखंड बीजेपी के नेताओं ने झारखंड सरकार और कांग्रेस को घेरना शुरू कर दिया है। झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हेमंत सरकार पर हमलावर हैं। उन्होंने इस मामले में झारखंड सरकार पर निशाना साधा है और पूछा है कि "क्या मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी इस वीभत्स घटना पर राष्ट्रपति महोदया को पत्र लिखेंगे ? राजस्थान के जनजातीय बहुल क्षेत्र धरियावद तहसील में एक महिला को निर्वस्त्र करके पीटने की बर्बरतापूर्ण घटना सामने आई है, लेकिन घमंडिया गठबंधन के सभी लोग अपने अस्तित्व को बचाने के लिए मुंबई में जमे हुए हैं। क्या मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सहयोगी कांग्रेस इसपर मुँह खोलेंगे ?"

राहुल गांधी को नहीं सुनाई दे रही बेटियों की सिसकियां 
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस अमानवीय बताते हुए कहा है कि "अमानवीय और शर्मनाक! कांग्रेस के कुशासन में राजस्थान की बेटी को निर्वस्त्र करने की घटना ने कांग्रेस सरकार की कानून व्यवस्था को निर्वस्त्र कर दिया है। कांग्रेस शासन में क्या इसे ही मर्दानगी कहा जाता है, जब एक लाचार बच्ची की इज्जत को तार-तार कर दिया गया और गहलोत सरकार कान में तेल डालकर सोई रही। आज राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा कहां हैं? उन्हें राजस्थान की बेटियों की सिसकियां क्यों सुनाई नहीं देती हैं?" 

चुप क्यों है कांग्रेस 
इधर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि "राजस्थान के जनजातीय बहुल क्षेत्र धरियावद तहसील में एक महिला को निर्वस्त्र करके पीटने की बर्बरतापूर्ण घटना सामने आई है, लेकिन अभी तक प्रशासन, शासन को भनक तक नहीं है। अशोक गहलोत सो रहे हैं और राहुल गांधी भी मुंबई में हैं, महिला उत्पीड़न पर राजनीति करने वाली जमात भी चुप है।"


क्या है मामला 
दरअसल राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धरियावद में एक महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति ने ही गांव वालों के सामने महिला को 1 किमी तक दौड़ाया। घटना 31 अगस्त की है। शुक्रवार को VIDEO वायरल होने के बाद मामले का खुलासा हुआ। SP अमित कुमार ने बताया कि महिला की शादी डेढ़ साल पहले ही इस गांव के युवक के साथ हुई थी। महिला ने देर रात पुलिस में शिकायत की। इसके बाद FIR दर्ज कर अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सभ्य समाज में इस तरह के अपराधियों की कोई जगह नहीं है। इस बीच राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस घटना की निंदा की है। जांच के लिए कमेटी गठित की है। आयोग ने राजस्थान के DGP से मामले में फौरन एक्शन लेने को कहा और पांच दिन के अंदर इस मामले में रिपोर्ट देने को कहा है। वहीं, सीएम गहलोत दोपहर 1.15 बजे धरियावद में बने हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से 8 किलोमीटर दूर गेस्ट हाउस पहुंचे। वे यहां पीड़िता से मुलाकात करेंगे।