द फॉलोअप डेस्क
गुमला शहर के जशपुर रोड स्थित डेली मार्केट में नगर परिषद द्वारा 4 जुलाई को सड़क के दोनों ओर गड्ढे खोदे गए थे, जिनका उद्देश्य सब्जी विक्रेताओं को सड़क किनारे सब्जी न लगाने के लिए रोकना था। नगर परिषद का कहना था कि गड्ढों को भरकर बाउंड्री बना कर इसे ग्रीन जोन में तब्दील किया जाएगा, लेकिन इतने महीनों बाद भी इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। इस दौरान, सब्जी विक्रेताओं को टंगरा मार्केट में दुकानें आवंटित की गईं, लेकिन वहां सब्जी की बिक्री न होने का हवाला देते हुए वे फिर से सड़क के किनारे अपनी दुकानों को सजा बैठे। प्रशासन ने उन्हें खदेड़ा, जिसके बाद सब्जी विक्रेताओं का आक्रोश बढ़ गया।

इतने समय तक गड्ढों को भरा नहीं गया, जिससे गड्ढे में पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया। इसके अलावा, राहगीर गड्ढों में गिरने लगे, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ने लगा। इसी बीच, शुक्रवार की अपराह्न 4 बजे स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि दशहरा पर्व के दौरान जशपुर रोड में भारी भीड़भाड़ होती है। पार्किंग और दुकानों की स्थिति में समस्या होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा, बगल में स्थित स्टेडियम में रावण दहन भी होता है, जिससे पार्किंग की समस्या और अधिक बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है, ताकि दशहरा पर्व के दौरान होने वाली समस्याओं से बचा जा सके। साथ ही, सब्जी विक्रेताओं को नगर परिषद से टैक्स न देने पर भी विचार करने का आग्रह किया गया है।
.jpeg)