logo

पोटका विधायक संजीव सरदार के निरीक्षण के बाद प्रशासन रेस; डिजाइन में बदलाव के निर्देश, बनेगा मॉडल सुविधा केंद्र

WhatsApp_Image_2026-05-16_at_10_56_02_AM.jpeg

जमशेदपुर 
पोटका के हाता बिरसा चौक स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार के निरीक्षण और निर्देश के बाद प्रशासन एवं विभागीय अधिकारी पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। विधायक द्वारा निर्माण कार्य में पाई गई खामियों और डिजाइन संबंधी सुझावों के बाद अब नक्शा तैयार करने वाली कंसल्टेंसी एजेंसी को डिजाइन में पुनः बदलाव करने का निर्देश दिया गया है। विभागीय स्तर पर इसको लेकर मंथन शुरू हो गया है ताकि परियोजना को और अधिक उपयोगी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।
आधुनिक रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल का होगा निर्माण
जानकारी के अनुसार विधायक संजीव सरदार ने बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स के ऊपरी तल्ले का बेहतर उपयोग करने को कहा था। विधायक के निर्देश के बाद अब भवन के ऊपरी हिस्से में आधुनिक रेस्टोरेंट एवं बैंक्वेट हॉल निर्माण की योजना पर काम शुरू किया गया है। इसके साथ ही ऊपर के हिस्से में एक अतिरिक्त शौचालय और किचन का भी निर्माण होगा। माना जा रहा है कि इससे यात्रियों, स्थानीय लोगों और व्यवसायियों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए क्षेत्रवासियों को बेहतर स्थान उपलब्ध हो सकेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
यात्रियों और व्यवसायियों को मिलेगा बहुउद्देश्यीय सुविधा केंद्र
विधायक ने कहा कि हाता बिरसा चौक क्षेत्र का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में केवल बस स्टैंड तक सीमित न रहकर इसे एक आधुनिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार का उद्देश्य ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों में भी आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत कॉम्प्लेक्स को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है जिससे यात्रियों, दुकानदारों और आम लोगों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।गुणवत्ता और जनसुविधा पर विशेष जोर
विधायक संजीव सरदार ने विभागीय अधिकारियों एवं संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजाइन में जो भी तकनीकी खामियां सामने आई हैं, उन्हें शीघ्र दूर कर कार्य को तय समय पर पूरा किया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आश्वस्त किया है कि विधायक के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए संशोधित डिजाइन पर जल्द कार्य आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि यह परियोजना क्षेत्र के लिए एक मॉडल सुविधा केंद्र के रूप में विकसित हो सके। 
 

Tags - Jamshedpur Infrastructure Development Bus Stand Project Local Governance Public Facilities