द फॉलोअप डेस्क
धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस के आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद ढुल्लू महतो अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ स्टेशन पहुंचे और ट्रेन का स्वागत किया। कार्यक्रम में रेलवे के कई अधिकारी भी मौजूद थे, जिनमें कमल किशोर सिन्हा शामिल थे। रेलवे द्वारा शुरू की गई यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग 2199 किलोमीटर की दूरी तय कर धनबाद स्टेशन पहुँची। ट्रेन के आगमन पर यात्रियों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन 14 मार्च को दोपहर 2 बजे धनबाद से रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए 16 मार्च को सुबह 11:20 बजे पोत्तनूर (कोयंबत्तूर) पहुँचेगी। इंडियन रेलवे ने धनबाद और पोत्तनूर (कोयंबत्तूर) के बीच इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू किया है। फिलहाल इसका संचालन साप्ताहिक रूप से किया जा रहा है।
समय की बात करें तो पोत्तनूर से धनबाद तक यह ट्रेन 45 घंटे 45 मिनट में दूरी तय करेगी, जबकि धनबाद से पोत्तनूर तक का सफर 45 घंटे 20 मिनट में पूरा होगा। इस अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 8 स्लीपर कोच, 11 जनरल कोच, 2 दिव्यांग फ्रेंडली कोच और एक पैंट्री कार जोड़ी गई है। रेलवे का मानना है कि इस नई ट्रेन सेवा से दक्षिण भारत के औद्योगिक क्षेत्रों और पूर्वी भारत के कोयला तथा खनिज क्षेत्रों के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे व्यापार, रोजगार और यात्रियों की आवाजाही को भी बढ़ावा मिलेगा। धनबाद से दक्षिण भारत के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
