logo

लोहरदगा की प्रभा देवी को मिलेगा सरकारी योजना का लाभ, कांग्रेस नेत्री की पहल पर उपायुक्त ने जारी किया आदेश

lohar00.jpg

लोहरदगा
जिले के कुड़ू प्रखंड अंतर्गत ग्राम ओपा की निवासी प्रभा देवी को अब सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उनके परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए कांग्रेस नेत्री और सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल द्वारा की गई पहल रंग लाई है। ब्यूटी मंडल ने ट्विटर (अब X) पर उपायुक्त लोहरदगा को टैग करते हुए प्रभा देवी की स्थिति को उजागर किया। उन्होंने लिखा कि प्रभा देवी के पति का देहांत लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हो गया था, और उसके कुछ ही समय बाद उनके सास-ससुर की भी मृत्यु हो गई। उनके तीन छोटे बच्चे हैं जो सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। प्रभा देवी खुद मजदूरी कर किसी तरह अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं, लेकिन नियमित काम न मिलने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है।


उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि प्रभा देवी को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर स्पॉन्सरशिप योजनाओं के अंतर्गत सहायता दी जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई और परिवार की बुनियादी जरूरतें पूरी हो सकें।
उपायुक्त लोहरदगा ने ब्यूटी मंडल के ट्वीट पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए जवाब दिया – “मामला संज्ञान में है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।” सूत्रों के अनुसार, अब प्रशासन ने प्रभा देवी के लिए जरूरी दस्तावेज़ी प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि उन्हें सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ मिल सके। इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद किस प्रकार ज़रूरतमंदों के जीवन में बदलाव ला सकता है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News