द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट 2023 की तैयारियां पूरी कर ली है। आज से जैक की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट 2023 की में प्रैक्टिकल व इंटरनल असेसमेंट प्रायोगिक परीक्षा आज से होगी। जैक के निर्देश के बाद संस्थानों ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। प्रायोगिक परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन (Practical Exam & Internal Assessment) में करीब 7 लाख छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। ये परीक्षाएं चार मार्च तक चलेंगी।

20 अंकों की होगी परीक्षा
जिन विषयों में प्रैक्टिकल होना है, वह 20 अंकों का होगा। वहीं जिन विषयों में प्रैक्टिकल नहीं है, उसमें आंतरिक मूल्यांकन किया जाएगा। प्रैक्टिकल व इंटरनल असेसमेंट के लिए संबंधित स्कूलों के एक शिक्षक के अलावा दूसरे स्कूलों के दो शिक्षकों को लगाया जा रहा है। संस्थानों को हर दिन इसकी रिपोर्ट जैक की वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। चार मार्च तक प्रायोगिक परीक्षाएं ली जाएंगी। जो छात्र-छात्राएं प्रैक्टिकल व इंटरनल असेसमेंट में मौजूद नहीं रहेंगे, उन्हें इसका अंक नहीं मिलेगा।

14 मार्च से शुरू होगी परीक्षा
मैट्रिक और इंटर की परीक्षा आगामी 14 मार्च से शुरू होने वाली है। इस सिलसिले में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने बोर्ड परीक्षा (JAC Board Exam 2023) से जुड़ी अपनी सभी तैयारी पूरी कर ली है। इस साल 1400 सौ से अधिक केंद्र बनाए गए हैं। अभी तक राज्य में मैट्रिक-इंटर (JAC Board 10th and 12th exam )को मिलाकर 1300 से लेकर 1350 परीक्षा केंद्र बनाए जाते थे। लेकिन इस बार 1400 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। मैट्रिक का परीक्षा केंद्र प्रखंड स्तर पर बनाया गया है, जबकि इंटर का परीक्षा केंद्र अनुमंडल स्तर पर भी बनाया गया है।