दुमका :
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र 2022-23 के लिए संथाल परगना प्रमंडल के नए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रीतम गाड़िया बने। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का पुनर्निर्वाचन आज दुमका जिले में हुआ। जिसमें दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। चुनाव में कुल 18 मत पड़े। जिसमें से 15 वोट प्रीतम गाड़िया और 3 वोट संजीत कुमार सिंह ने प्राप्त किया। सर्वाधिक मत मिलने के आधार पर प्रीतम गाड़िया को संथाल परगना प्रमंडल का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित करने की घोषणा चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने की। बताते चलें कि कि 10 एवं 11 सितंबर को चैंबर भवन रांची में संपन्न हुए चुनाव में संथाल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव अपरिहार्य कारणों से रद्द किया गया था।

इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट सहित अन्य मामलों पर हुई चर्चा
मतदान प्रक्रिया के समाप्त होने के बाद चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री के नेतृत्व में एक बैठक हुई। जिसमें दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, साहेबगंज, पाकुड़ एवं महागामा के व्यापारियों व सम्बद्ध संस्थाओं के पदाधिकारी शामिल हुए। सदस्यों द्वारा जिले के विकास के लिए जिले में पर्याप्त परिवहन सुविधा, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट समेत अन्य नागरिक सुविधाओं में अपेक्षित सुधार की आवश्यकता बताई। माइनिंग लीज के नियमों की जटिलता से भी अवगत कराया। बैठक में यह भी बात सामने आई कि लॉकडाउन के आरंभ से पाकुड़ से बंद की गई कई ट्रेनों का परिचालन अब तक शुरू नहीं किया गया। जिससे जिलेवासियों को आवागमन में कठिनाईयां हो रही हैं। अगरतल्ला राजधानी का परिचालन साहिबगंज से आरंभ करने, मालदा रेल डिवीजन में झारखंड चैंबर के डीआरयूसीसी प्रतिनिधि को मनोनीत करने, जिले में खाद्य पदार्थो की जांच के लिए फूड टेस्टिंग मोबाइल वैन की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

सीटीओ के लिए बोर्ड से करेंगे वार्ता
उदयमियों को पॉल्यूशन बोर्ड से सीटीओ मिलने में विलंब हो रहा है। इस संबंध में चैंबर अध्यक्ष ने बोर्ड से वार्ता की बात कही। दुमका में झारखंड चैंबर की बैक टू बैक चली। एक बैठक के दूसरी बैठक दुमका डीसी के साथ हुई। स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराते हुए डीसी से कार्रवाई की मांग की गई। जिस पर उन्होंने हरसंभव कार्रवाई के लिए आश्वास्त किया। दुमका प्रवास के दौरान चैंबर के उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव डॉ. अभिषेक रामाधीन और चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा प्रतिनिधिमण्डल में शामिल थे।