नंदलाल तुरी
पाकुड़ समाहरणालय परिसर से मंगलवार, 7 अक्टूबर को उपायुक्त मनीष कुमार, परियोजना निदेशक अरूण कुमार एक्का और सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता फैलाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि 12 से 14 अक्टूबर 2025 तक पूरे जिले में पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि जागरूकता रथ जिले के प्रत्येक प्रखंड, पंचायत, गांव और मोहल्ले में भ्रमण करेगा और यह संदेश देगा कि "एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।" उन्होंने बताया कि पोलियो मुक्त समाज बनाने के लिए आम जनता की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अभिभावकों से उन्होंने अपील की कि वे अपने बच्चों को बूथ पर लेकर जाएं और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उपायुक्त ने जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, शिक्षकों और स्वयंसेवी संस्थाओं से इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में सफल बनाने की अपील की।
