logo

किसका होगा ताज : यूपी के सह-पर्यवेक्षक बनाए गये पूर्व सीएम रघुवर दास, चुनेंगे बीजेपी विधायक दल का नेता

das2.jpg

डेस्क: 

भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड ने यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में पार्टी के विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय और सह-पर्यवेक्षक की नियुक्ति की है। यूपी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। 

गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड का हाल
उत्तराखंड में विधायक दल के नेता का चुनाव करने लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है वहीं केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। मणिपुर में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को केंद्रीय पर्यवेक्षक वहीं केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरेन रिजिजू को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। 

गोवा में केंद्रीय कृषि एवं कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को केंद्रीय पर्यवेक्षक वहीं केंद्रीय मत्स्य पालन मंत्री एल मुरुगन को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। 

4 राज्यों में बीजेपी ने सत्ता में वापसी की
गौरतलब है कि हालिया पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 4 राज्यों में बहुमत हासिल किया है। इन सभी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार थी। कह सकते हैं कि बीजेपी ने गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड और यूपी में सत्ता में वापसी की। यूपी में तो बीजेपी ने 32 साल का रिकॉर्ड तोड़ा। गौरतलब है कि यूपी में बीते 32 सालों से किसी पार्टी ने लगातार दूसरी बार सरकार नहीं बनाई थी।