logo

राहुल दूबे गैंग की फायरिंग की साजिश नाकाम, पुरुष-महिला गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

bkdbnlik.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल दूबे गैंग की फायरिंग की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग और छापेमारी के दौरान गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और एक महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पुलिस कार्बाइन, दो पिस्टल, जिंदा गोलियां, AK-47 और SLR राइफल के मैगजीन, साथ ही एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 18 जनवरी को उरीमारी स्थित एक कोलियरी कंपनी से रंगदारी नहीं मिलने पर गिरोह के सदस्य दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की योजना बना रहे थे। यह साजिश राहुल दुबे और आशीष साव के निर्देश पर की जा रही थी। इसके लिए गिरोह के सदस्य मोटरसाइकिल से उरीमारी पहुंचे थे और कोलियरी क्षेत्र की रेकी कर रहे थे। इसी दौरान हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को गुप्त सूचना मिली कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही एक SIT टीम बनाई गई और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
छापेमारी के दौरान रिलैक्स होटल के पास से राजदीप साव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक लोडेड पुलिस कार्बाइन, एक देशी पिस्टल और जिंदा गोलियां बरामद की गईं। पूछताछ में उसने बताया कि बाकी हथियार केरेडारी थाना क्षेत्र के हेन्देगीर गांव में रहने वाली महिला सदस्य मुनिका कुमारी के घर में छुपाकर रखे गए हैं। इसके बाद पुलिस ने हेन्देगीर गांव में छापेमारी कर मुनिका कुमारी को गिरफ्तार किया। उसके घर से एक देशी पिस्टल, जिंदा गोलियां, AK-47 के चार और SLR के पांच मैगजीन बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ बड़कागांव उरीमारी ओपी में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले में हजारीबाग के SDPO अमित आनंद ने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Tags - latest jharkhand News jharkhand News Updates latest jharkhand News jharkhand Updates in hindi latest updates Jharkhand jharkhand news in hindi hazaribagh news updates latest hazaribagh news hazaribagh news in hindi