logo

रांची-पटना रोड पर राजश्री बस पलटी, 9 यात्री घायल; खलासी चला रहा था बस

bus14.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग सोमवार सुबह रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक गंभीर सड़क दुर्घटना में राजश्री नामक यात्री बस खाई में पलट गई। हादसा हजारीबाग जिले के पदमा ओपी थाना क्षेत्र में हुआ, जिसमें 9 यात्री घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बस पटना से हजारीबाग आ रही थी और निर्धारित रूट के अनुसार उसका अंतिम पड़ाव हजारीबाग ही था। दुर्घटना के समय बस में यात्रियों की संख्या कम थी, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, बस को चालक की बजाय खलासी चला रहा था, जो प्रशिक्षित नहीं था। तेज रफ्तार में नियंत्रण खोने के कारण बस सड़क किनारे गहरे खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद बस चालक और अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गए। यात्रियों ने बताया कि वे बस में लगे लोहे के रॉड से शीशा तोड़कर बाहर निकले। घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना में हजारीबाग निवासी नीरज के माता-पिता भी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि हादसे की जानकारी बस संचालक को दी गई, लेकिन संचालक मौके पर नहीं पहुंचा।

घायलों और उनके परिजनों ने बस संचालक से मुआवजे की मांग की है, वहीं स्थानीय लोगों ने लापरवाह चालक और बस प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।