द फॉलोअप डेस्क
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव और मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि देशभर में भ्रष्ट जनता पार्टी की डबल इंजन सरकारों ने जनता की ज़िंदगी तबाह कर दी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के साथ सत्ता का दुरुपयोग और अहंकार का ज़हर भाजपा की राजनीति में ऊपर से नीचे तक फैल चुका है। इनके सिस्टम में गरीब, असहाय, मज़दूर और मध्यम वर्ग की ज़िंदगी सिर्फ़ आंकड़ा बनकर रह गई है और “विकास” के नाम पर वसूली-तंत्र चल रहा है। राकेश सिन्हा ने उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश को झकझोरने वाली इस घटना के बावजूद सवाल वही है कि सत्ता का संरक्षण भाजपा के किस VIP को बचा रहा है और कानून सबके लिए कब बराबर होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के उन्नाव कांड का भी उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सत्ता के गर्व में अपराधियों को कैसे बचाया गया और पीड़िता को न्याय के लिए कितनी कीमत चुकानी पड़ी, यह पूरे देश ने देखा।
राकेश सिन्हा ने कहा कि इंदौर में ज़हरीला पानी पीने से मौतें हुईं, और गुजरात, हरियाणा और दिल्ली में “काले पानी” और दूषित सप्लाई की शिकायतें आम हैं, जिससे हर तरफ़ बीमारियों का डर है। उन्होंने राजस्थान की अरावली और अन्य प्राकृतिक संसाधनों का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां-जहां अरबपतियों का लालच और स्वार्थ पहुंचा, वहां नियमों को रौंद दिया गया। पहाड़ काटे जा रहे हैं, जंगल उजाड़े जा रहे हैं और जनता को बदले में मिल रहा है धूल, प्रदूषण और आपदा। राकेश सिन्हा ने कहा कि खांसी के सिरप से बच्चों की मौतें, सरकारी अस्पतालों में नवजातों को मारते चूहे, और सरकारी स्कूलों की गिरती छतें “लापरवाही” नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की सीधी मार हैं। पुल गिरते हैं, सड़कें धंसती हैं, ट्रेन हादसों में परिवार मिट जाते हैं और भाजपा सरकार हर बार वही करती है: फोटो-ऑप, ट्वीट और मुआवज़े की औपचारिकता। उन्होंने मोदी जी के “डबल इंजन” मॉडल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह केवल अरबपतियों के लिए काम कर रहा है। आम भारतीय के लिए यह भ्रष्टाचार की डबल इंजन सरकार विकास नहीं, बल्कि तबाही की रफ्तार है, जो हर दिन किसी न किसी की ज़िंदगी कुचल रही है।
