logo

गिद्दी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में 2 को लगी गोली; हथियार बरामद

WhatsApp_Image_2026-08-22_at_9_50_43_AM.jpeg

रामगढ़ 
गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
रात में मिली थी अपराधियों के पहुंचने की सूचना
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ सहयोगी मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना पुलिस, उरीमारी थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के साथ अभियान चलाया गया।
वाहन जांच के दौरान तीन संदिग्ध दिखे
करीब 3:50 बजे पुराना कांटा घर रोड के आसपास पुलिस ने सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। भागने के दौरान उनकी बाइक गिर गई, जिसके बाद तीनों जंगल की ओर भागे।
जंगल से अपराधियों ने की फायरिंग
पुलिस का दावा है कि जंगल में पहुंचने के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए।
दो आरोपी घायल, एक मौके से फरार
घायल आरोपियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
हथियार और अन्य सामान बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने दो हथियार, गोलियां, खोखा, पर्चा और मोबाइल फोन बरामद करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए इलाके में अभियान चलाया जा रहा है।
 

Tags - Ramgarh News Giddi Police Police Encounter Jharkhand Crime Rahul Dubey Gang