द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ पुलिस ने भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने मौके से अर्ध-निर्मित पिस्तौल, मैगजीन, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कल-पुर्जे, मशीनरी और अन्य उपकरण बरामद किए। इस मामले में दिनेश विश्वकर्मा और उनकी पत्नी नूतन विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया गया है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि रामगढ़ और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त टीम को लंबे समय से यहां अवैध हथियार निर्माण की गुप्त सूचना मिल रही थी।

लोहार के काम की आड़ में बन रहे थे हथियार
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दंपती मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के वारसलीगंज के निवासी हैं। दोनों कई वर्षों से दत्तो गांव में रह रहे थे और लोहार का काम करने की आड़ में अवैध हथियार तैयार कर रहे थे। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण से जुड़े सामान बरामद किए गए। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

अपराधियों की गतिविधियों के कारण पहले से संवेदनशील है इलाका
पतरातू और भुरकुंडा क्षेत्र लंबे समय से संगठित आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहे हैं। राहुल दुबे गैंग, सुजीत सिन्हा गैंग और प्रिंस खान गैंग की सक्रियता के कारण पुलिस लगातार निगरानी रख रही है। हाल ही में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद प्रिंस खान गैंग के सक्रिय सदस्य शिवराज राम को गिरफ्तार किया था। ऐसे में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।