द फॉलोअप डेस्क
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के दौरान लगातार बारिश ने लोगों को प्रभावित किया। बुधवार और गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, और शहर में 21 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन तक झारखंड में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। हालांकि, 5 अक्टूबर के बाद आसमान साफ होने की संभावना जताई गई है, और मानसून की वापसी 10 अक्टूबर के बाद मानी जा रही है। इस साल रांची में मानसून के दौरान पिछले 11 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया। वर्ष 2014 के बाद पहली बार 1550 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

जून में सामान्य 197.6 मिमी के मुकाबले 587.8 मिमी
जुलाई में सामान्य 324 मिमी के मुकाबले 386 मिमी
सितंबर में 212.3 मिमी की तुलना में 276 मिमी वर्षा हुई।
दिलचस्प बात यह है कि इस बार शहर में ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।

जिलेवार मौसम पूर्वानुमान:
4 अक्टूबर:
भारी बारिश की चेतावनी: पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा
हल्की से मध्यम बारिश: रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़
आंधी और वज्रपात की संभावना, हवा की रफ्तार 30–40 किमी प्रति घंटा तक
5 अक्टूबर:
देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश
6 अक्टूबर:
राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना
.jpeg)
दीपावली और छठ के लिए राहत की खबर
दुर्गा पूजा के दौरान बारिश ने जरूर खलल डाला, लेकिन मौसम विभाग ने दीपावली और छठ पूजा के दौरान साफ मौसम रहने का अनुमान जताया है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी में कोई नया सिस्टम बनने के संकेत नहीं हैं, जिससे लोगों को त्योहारों में मौसम की ओर से राहत मिल सकती है। हालांकि, 10 अक्टूबर के बाद मौसम की गतिविधियों पर नजर रखना जरूरी होगा। अक्टूबर के अंत तक ठंड धीरे-धीरे दस्तक देगी और मौसम में ठंडक का एहसास बढ़ेगा।