logo

रांची DC ने बुण्डू के दफ्तरों का किया औचक निरीक्षण, बिचौलियों पर सख्ती, अनुपस्थित कर्मी पर कार्रवाई के आदेश

DCRA321.jpg

रांची
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को बुण्डू अनुमंडल, प्रखंड और अंचल कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों की उपस्थिति, अभिलेखों, जनशिकायत निवारण व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण में एक कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित पाया गया। डीसी ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया और कहा कि सरकारी कार्यालयों में समयपालन और अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा।


बिचौलियों पर रोक, जनता दरबार में सख्ती
डीसी ने स्पष्ट कहा कि अनुमंडल, प्रखंड और अंचल कार्यालयों में बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए। केवल वे लोग कार्यालय आएं जिनका कार्य लंबित है, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि हर मंगलवार आयोजित जनता दरबार में सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। सीओ को कहा गया कि सीआई और कर्मियों के साथ राजस्व से जुड़ी शिकायतों का समाधान स्थल पर ही किया जाए।
स्वच्छता, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीसी ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति, कार्यालयों की साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुण्डू का दौरा कर कहा कि मरीजों को समय पर इलाज और दवाएं मिलनी चाहिए। महिला थाना का निरीक्षण करते हुए डीसी ने निर्देश दिया कि ऐसा माहौल बने जिसमें महिलाएं बिना झिझक अपनी शिकायत लेकर थाना आ सकें। निरीक्षण में अपर समाहर्त्ता रांची रामनारायण सिंह, एसडीओ किस्टो बेसरा, अंचल अधिकारी बुण्डू और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News