logo

रांची में ब्राउन शुगर बरामदगी के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों में झड़प, टाइगर जवान घायल

tiger7.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के निजाम नगर में बुधवार रात ब्राउन शुगर की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने नशे के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया है, जिसमें युवा जवानों को शामिल किया गया है। इसी टीम के जवान सूचना के आधार पर निजाम नगर पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लेने की कोशिश की गई।


आरोपी को पकड़ने के दौरान हुआ हंगामा
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध को पकड़ने के दौरान उसने एक जवान की पिस्टल निकालने का प्रयास किया, जिसका जवान ने विरोध किया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर उसके परिवार के लोग और आसपास के कई लोग मौके पर जुट गए। देखते ही देखते भीड़ और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसमें एक टाइगर जवान मामूली रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।


अतिरिक्त बल पहुंचा, दो आरोपियों की पहचान
झड़प की सूचना मिलते ही एएसपी कोतवाली के साथ हिंदपीढ़ी और कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को चिन्हित किया गया है और दोनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Tags - Hindpiri Nizam Nagar Brown Sugar Drug Smuggling Ranchi Police Crime News Police Action