logo

रांची में पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराने की जरूरत नहीं, DC बोले- सप्लाई सामान्य

DCC2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने तेल कंपनियों के साथ अहम बैठक की। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़, अतिरिक्त खरीदारी और सप्लाई चेन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


घबराहट में ज्यादा खरीदारी से बढ़ा दबाव
बैठक के दौरान तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को बताया कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी जैसी स्थिति वास्तव में उपभोक्ताओं के बीच फैली घबराहट की वजह से बनी है। अधिकारियों के अनुसार, कई लोग अपनी सामान्य जरूरत से अधिक ईंधन भरवा रहे हैं। कुछ लोग वाहनों के अलावा अतिरिक्त कंटेनरों में भी पेट्रोल और डीजल स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पेट्रोल पंपों पर अस्थायी दबाव बढ़ गया है।


तेल कंपनियों ने दी सामान्य सप्लाई की जानकारी
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने उपायुक्त को भरोसा दिलाया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। कंपनियां लगातार सप्लाई चेन की निगरानी कर रही हैं और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तुरंत प्रशासन को जानकारी दी जाएगी ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।


डीसी की अपील- जरूरत के अनुसार ही भरवाएं ईंधन
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी की जाए और कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न होने दी जाए। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाएं। बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी रजत कुमार, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय सहित तेल कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Tags - ranchi petrol diesel fuel administration