द फॉलोअप, रांची
रांची से थोड़ी दूर स्थित दुलमी गांव के पास शुक्रवार देर रात यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बस में सवार महिलाएं व बच्चे चीख-पुकार करने लगे। दुर्घटना में करीब 20 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है।

शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे यात्री
जानकारी के अनुसार, संकट मोचन बस राहे थाना क्षेत्र के डोमांडी गांव से सोनाहातू थाना क्षेत्र के कोड़ाडीह गांव जा रही थी। बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे, जो शादी समारोह में शामिल होने के लिए यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान दुलमी गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई।

ग्रामीणों ने संभाला राहत कार्य
बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। खासकर महिलाएं और बच्चे जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगे। आसपास के ग्रामीण आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। कई घायलों को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे घायल सड़क किनारे दर्द से कराहते रहे।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सोनाहातू पुलिस ने खुद मोर्चा संभाला और अपनी गाड़ियों से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाहातू पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।