logo

रांची : सभी अंचलों के राजस्व कर्मचारी पेन डाउन स्ट्राइक पर, कार्य प्रभावित

ANCHAL.jpg
द फॉलोअप डेस्क

रांची के सभी अंचलों में गुरूवार को राजस्व कार्य बंद होने से आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिसके कारण जिला में म्यूटेशन, जाति प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य बाधित हो गया है। दरअसल, कांके अंचल के हल्का कर्मचारी जयवीर भगत के साथ हुई मारपीट के विरोध में रांची जिले के सभी अंचल में पदस्थापित हल्का कर्मचारी पेन डाउन स्ट्राइक पर चले गए हैं। हल्का कर्मचारी के साथ कांग्रेस के ज़िला कार्यकारी अध्यक्ष एनुल हक अंसारी और सोमरा मुंडा के द्वारा की गई मारपीट के बाद अब जिले भर के राजस्व कर्मचारियों में काफी रोष देखा जा रहा है। वहीं, झारखंड राज्य राजस्व उपनिरीक्षक संघ लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा हैं। जानकारी के मुताबिक अगर आरोपितों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो सभी राजस्व कर्मी अनिश्चितकाली हड़ताल की घोषणा कर सकते हैं।

 आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

मालूम हो की झारखंड राज्य राजस्व निरीक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल बीते मंगलवार को उपायुक्त राहुल सिन्हा से मुलाकात की थी। संघ ने कांके अंचल के हल्का कर्मचारी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले को लेकर उन्हें ज्ञापन सौंपा था। और आरोपित एनुल हक अंसारी और सोमरा उरांव की गिरफ्तारी की मांग की थी। मारपीट की घटना के बाद जयवीर भगत और कांके सीओ ने दो प्राथमिकी दर्ज करवाई है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।