द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के कायस्थपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में बीते शाम नकाबपोश अपराधियों द्वारा दुकान संचालक को गोली मारकर लूटपाट किए जाने की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने मीडिया को संबोधित किया। इसके पश्चात उन्होंने घायल दुकानदार अमन बर्मन के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
मीडिया को संबोधित करते हुए रणधीर सिंह ने कहा कि जामताड़ा में अब तक की यह सबसे बड़ी और गंभीर आपराधिक घटना है। दिनदहाड़े जामताड़ा के सबसे व्यस्ततम चौक पर स्थित बालाजी ज्वेलर्स में अपराधियों ने दुकान मालिक अमन बर्मन को गोली मारकर करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। यह घटना जामताड़ा प्रशासन और राज्य की कानून व्यवस्था की पूरी तरह विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार लूट, हत्या और अन्य आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इस पर गंभीर नहीं दिख रहा। घायल दुकानदार अमन बर्मन इस समय पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
रणधीर सिंह ने कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि घटना स्थल के पास ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का कार्यालय और जामताड़ा थाना स्थित होने के बावजूद उन्हें किसी तरह का भय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे झारखंड में प्रशासन अवैध वसूली और अन्य गतिविधियों में व्यस्त है, जिससे अपराधियों को खुली छूट मिल रही है। इस घटना से जामताड़ा के व्यवसायी वर्ग और आसपास के क्षेत्रों से खरीदारी करने आने वाले लोग पूरी तरह सहम गए हैं। जामताड़ा को अमन-चैन का शहर माना जाता है, लेकिन इस तरह की घटना ने सभी को चौंका दिया है।
पूर्व मंत्री ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक द्वारा 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय पूरा होने के बावजूद अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। उन्होंने जामताड़ा पुलिस से जनता को आश्वस्त करने और नगर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की। घटना के विरोध में व्यवसायियों द्वारा स्वेच्छा से जामताड़ा बाजार बंद रखा गया। मौके पर नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, भाजपा नेता सुनील हांसदा, राजेंद्र राउत, जीत दुबे, ब्रजेश राउत, आकाश साव, अरविंद कुमार, रथु दास, विनोद चौबे सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
