logo

नामकुम में शव लेकर घटनास्थल पहुंचे परिजन, पुरुलिया रोड किया जाम

NIMU.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
रांची के नामकुम थानाक्षेत्र में दो गुटों में हुई हिंसक झड़प में एक युवक की मौत हो गई। इस हिंसक झड़प में मारे गए व्यक्ति का नाम सोनू मुंडा है। उसके मौत के बाद नाराज परिजन और बस्ती के लोग शव को लेकर रांची-पुरुलिया रोड को जाम कर दिया। सभी दूसरे गुट पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इधर घटना को लेकर रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि इस घटना में एक व्यक्ति के मारे जाने की पुष्टि हुई है। घायलों में सभी की हालत नाजुक बताई जाती है। सभी घायलों का अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज जारी है।


स्थानीय लोगों के गुस्से को देखते हुए किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका को देखते हुए नामकुम स्टेशन और उससे आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। वहीं शव के साथ स्थानीय लोगों का प्रदर्शन जारी है। यह वारदात शराब दुकान के पास हुई। दो पक्षों में हुए इस हिंसक विवाद को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दरअसल नामकुम रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। दोनों गुटों के बीच तलवारबाजी भी हुई। जिन दो गुटों में झड़प हुई, उसमें एक गुट पास के जोरार बस्ती का है। वहीं दूसरा गुट नामकुम स्टेशन के पास खटाल बस्ती का है। 



सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की शाम पेट्रोल पंप के समीप स्थित सरकारी शराब दुकान के पास जोरार बस्ती और नामकुम खटाल के युवकों के बीच चाबी की वजह से विवाद शुरू हुआ। बाद में बात बढ़ी और मारपीट की नौबत आ गई। जहां खटाल के लोगों ने बस्ती के युवकों को पीट दिया। इसके बाद बस्ती वाले अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद बस्ती के दर्जनों लोग लाठी-डंडा लेकर खटाल पहुंचे। ये लोग खटाल गली में घुस रहे थे। तभी खटाल वालों को इसकी जानकारी मिल गई। खटाल के लोग भी एकजुट हुए और बस्ती वालों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर तलवार से वार कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। दो पक्षों में हुए विवाद को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।