द फॉलोअप डेस्क
NTPC कोल खनन परियोजना और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर जहां अंबा प्रसाद ऋत्विक कंपनी पर आरोप लगा रही हैं, वहीं दूसरी ओर चट्टी बरियातू कोल खनन परियोजना में कोयला खनन कर रही ऋत्विक कंपनी ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और उनकी बेटी अंबा प्रसाद के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
यह शिकायत सी. बी. सी. एम. पी. एल के वरीय प्रबंधक रवि शंकर सिन्हा द्वारा दर्ज कराई गई। शिकायत में उन्होंने योगेंद्र साव पर धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही एक कथित ऑडियो क्लिप भी थाने में जमा कराई है, जिसमें योगेंद्र साव की आवाज बताई जा रही है। इस ऑडियो में योगेंद्र साव कथित तौर पर कहते हैं, "आज के बाद माइंस चालू हुआ तो आकर कंपनी में किसी न किसी आदमी को उड़ा देंगे। मेरे पास में सारी जानकारी है, कंपनी का कौन अधिकारी हजारीबाग में कब आता है, कब जाता है और कहां रहता है। मैं उसे रास्ते से उठा लूंगा। मैं किसी से डरता नहीं हूं, न पीएम से न सीएम से, मैं 307, 502 सब करके आया हूं।"
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व मंत्री की धमकी के बाद कंपनी के अधिकारी और कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है। सभी लोग असहाय और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त यह भी कहा गया है कि धमकी के कारण कंपनी के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शेख रिजवान शरीफ मानसिक रूप से परेशान थे और 19 अगस्त 2025 को हार्ट अटैक से उनकी आकस्मिक मृत्यु हो गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि योगेंद्र साव और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों के ऊपर साजिश कर अप्रिय घटनाएं कराई जा सकती हैं। यदि भविष्य में किसी कंपनी के अधिकारी या कर्मचारी के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसके लिए योगेंद्र साव, अंबा प्रसाद और उनके परिवार के अन्य लोग जिम्मेदार होंगे।यह शिकायत झारखंड सरकार के मुख्य सचिव, पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो, पुलिस उप-महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर, उपायुक्त हजारीबाग, पुलिस अधीक्षक हजारीबाग, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव और पुलिस निरीक्षक बड़कागांव को भी भेजी गई है।
